ड्रोन कैमरे ने खोला रथ मेला में सोने की चेन चोरी का राज : जशपुर

Uncategorized

जशपुर। कस्तूरा के रथ मेला में भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी करने के मामले में दुलदुला पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल एक अन्य महिला आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।

घटना 16 जुलाई 2026 को ग्राम कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेला के दौरान हुई थी। सन्ना रोड, जशपुर निवासी सरमा देवी अपने परिजनों के साथ मेला देखने पहुंची थीं। उन्होंने करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन पहन रखी थी। मेले में भारी भीड़ के बीच अचानक उनके गले से चेन गायब हो गई। रिपोर्ट पर दुलदुला थाने में अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की गई।

ड्रोन फुटेज बना पुलिस के लिए अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मेला स्थल पर ड्रोन कैमरे से वीडियो और फोटो बनाए जा रहे थे। पुलिस ने ड्रोन संचालक से संपर्क कर घटना के दिन की रिकॉर्डिंग हासिल की। फुटेज को खंगालने पर पीड़िता के आसपास संदिग्ध रूप से खड़ी कुछ महिलाओं की तस्वीरें सामने आईं।

पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं के फोटो हासिल कर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए और उनकी पहचान के लिए लगातार पतासाजी की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फुटेज में दिखाई दे रही संदिग्ध महिलाएं सोनिया बाई और अनिता बाई हैं, जो ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा की निवासी हैं।

पूछताछ में चोरी कबूलने का पुलिस का दावा

पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर भीड़ का फायदा उठाते हुए सरमा देवी के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया।आरोपियों के कब्जे से करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने चेन को विधिवत जब्त कर लिया।2

दो आरोपी जेल भेजे गए, तीसरी की तलाश

पुलिस ने सोनिया बाई (30) और अनिता बाई (35), दोनों निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल तीसरी महिला आरोपी घटना के बाद से फरार बताई जा रही है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में दुलदुला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनील सिंह, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शेखर सिंह राजपूत, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैकरा, आरक्षक सपना इंदवार, आरक्षक आनंद खलखो सहित थाना दुलदुला के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *