सीएम विष्णुदेव साय ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से दिखाई हरी झंडी, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

Uncategorized

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष के जनसेवा संकल्प के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित बाइक यात्रा को मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छत्तीसगढ़ से 60 युवाओं का दल इस यात्रा में शामिल है।मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। इसी दिन से 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक देशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाता है। इस वर्ष प्रधानमंत्री के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के अवसर को देखते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बाइक यात्रा प्रधानमंत्री के जन्मस्थल वडनगर और कर्मस्थल काशी (वाराणसी) को जोड़ेगी। छत्तीसगढ़ से रवाना हुआ 60 युवाओं का दल इस यात्रा के जरिए सेवा, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संदेश को आगे बढ़ाएगा।मुख्यमंत्री के अनुसार, 17 सितंबर को काशी में 10 पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

यह बाइक यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी और अंत में वडनगर पहुंचेगी।कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, श्रम आयोग अध्यक्ष रामप्रताप सिंह सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *