लखनऊ : लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में रविवार को आवारा पशुओं को पकड़ने गई नगर निगम की टीम पर स्थानीय लोगों और कथित पशु पालकों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में नगर निगम के कई कर्मचारियों के घायल होने की सूचना है, जबकि तीन वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया।
जानकारी के मुताबिक, जोन-6 की नगर निगम टीम सड़क पर खुलेआम घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए पारा क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने टीम का विरोध करते हुए पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई की गई। एक दरोगा के साथ मारपीट की तस्वीर सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पथराव में नगर निगम के कई कर्मचारियों के पीठ और पैरों में चोटें आई हैं। हमले में तीन नगर निगम वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पथराव और पुलिसकर्मियों से मारपीट के मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।