रायगढ़, 16 अगस्त। रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े मामलों में कार्रवाई के तहत दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई की है। पुसौर पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसे कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले जाने वाले 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, रैरूमाखुर्द क्षेत्र में 32 वर्षीय महिला से कथित दुष्कर्म के मामले में 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।

पुसौर पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय बालिका 21 जुलाई को घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान बालिका के जम्मू में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम को जम्मू-कश्मीर भेजा गया। पुलिस ने 12 अगस्त को वहां से बालिका को बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, बालिका ने महिला अधिकारी के समक्ष दिए बयान में आरोपी पुनमचंद मैत्री (24), निवासी बुनगा, पर शादी का प्रलोभन देकर उसे साथ ले जाने और शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
दूसरे मामले में रैरूमाखुर्द क्षेत्र की 32 वर्षीय महिला ने गांव के 17 वर्षीय किशोर पर धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। महिला के अनुसार घटना 15 जुलाई की है। उसने डर और सामाजिक बदनामी के कारण तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में उसने अपने पति को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में किशोर द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने का पुलिस ने दावा किया है। इसके बाद उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला और बाल अपराध से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुसौर मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।