रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार दोपहर एक होटल के कमरे में प्रेमी युगल के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। गंज थाना क्षेत्र के झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के तीसरे तल के कमरा नंबर 401 में युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि युवक ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी सामने आते ही होटल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कमरे को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त को कमरा नंबर 401 में कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मंडावी ठहरे थे। कृष्ण कुमार वाराणसी जिले के मोहावन, दशनंतपुर गोसाई का निवासी बताया गया है, जबकि रिमन मंडावी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। होटल प्रबंधन के अनुसार दोनों ने वैध पहचान पत्र के आधार पर नियमानुसार होटल में चेक-इन किया था।


कुछ देर बाद कमरे से सामने आया खौफनाक मंजर
होटल के कमरे में दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि बात हत्या और आत्महत्या के प्रयास तक पहुंच गई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों होटल में कब पहुंचे, उनके बीच विवाद कब और कैसे शुरू हुआ तथा घटना से पहले कमरे में क्या गतिविधियां हुईं।
हत्या की वजह बनी पहेली
फिलहाल युवती की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस युवक की हालत में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ कर सकती है, जिससे घटना के पीछे की असली कहानी सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल गंज थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। होटल के कमरे को पुलिस ने सुरक्षित कर लिया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना ने राजधानी के होटल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।