पहले आंखों में डाला मिर्च पाउडर, फिर डंडे से किया हमला, 7 महीने से फरार दो आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

जगदलपुर। बस्तर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पिछले करीब सात महीने से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालने के बाद डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बांस का डंडा भी मुख्य आरोपी के कब्जे से बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, छोटू कश्यप निवासी छापर भानपुरी ने थाना बस्तर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई सूरज कश्यप (22 वर्ष) के साथ इच्छापुर मेला के दौरान हुए विवाद को लेकर आरोपियों में रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते 30 जनवरी 2026 को बस्तर मेला के भाटीपारा चौक में सूरज कश्यप पर हमला किया गया।आरोप है कि देवा बघेल ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूरज की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से सिर और पैर पर हमला किया गया। हमले में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान उसके साथी उदय के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

मामले में थाना बस्तर में अपराध क्रमांक 18/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 109, 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।7 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवा बघेल (24 वर्ष), निवासी फरसा पारा और देवनाथ बघेल (23 वर्ष), निवासी केरागुड़ा पारा, थाना बस्तर के रूप में हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी देवा बघेल के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया है।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *