राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब दो लाख के जेवरात-नकदी बरामद; वारदात के दौरान हथियार लेकर पहुंचे थे आरोपी

Uncategorized

राजनांदगांव। जिले की डोंगरगांव पुलिस ने सुनसान मकानों में चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, हथियार और चोरी में इस्तेमाल किए गए सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह पहले भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम राजाखुज्जी निवासी रूपेंद्र कुमार साहू अपने परिवार के साथ 6 जून को विशाखापट्टनम घूमने गए थे। 9 जून को लौटने पर घर का मुख्य ताला और अलमारी का लॉकर टूटा मिला। घर से करीब 1.95 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी। शिकायत के आधार पर डोंगरगांव थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल की मदद ली गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस बोधीटोला देवार बस्ती के संदिग्धों तक पहुंची। 30 जून को अटल चौक के पास घेराबंदी कर जगेसर मरकाम, दीप सिंह मरकाम उर्फ मुसुवा और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की पूरी साजिश कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि जगेसर मरकाम ने बड़ी चोरी की योजना बनाई थी। गिरोह ने पहले सुनसान मकानों की रेकी की, फिर राजाखुज्जी स्थित घर का ताला गैती से तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी कर ली। चोरी के बाद सभी ने सामान आपस में बांट लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के दौरान एक नाबालिग आरोपी धारदार चाकू लेकर घर में घुसा था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यदि कोई बीच में आ जाता तो उस पर जानलेवा हमला करने की भी तैयारी थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने के मंगलसूत्र, तीन चांदी के सिक्के, गणेश-लक्ष्मी की चांदी की मूर्तियां, पांच जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

जांच में यह भी पता चला कि विधि से संघर्षरत बालक का यह तीसरा अपराध है और गिरोह संगठित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए डोंगरगांव पुलिस ने टाउन क्षेत्र में “खाकी आई” योजना भी शुरू की है, जिसके तहत सुनसान मकानों की निगरानी कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *