12 वर्षों में बदला भारत का स्वरूप, विकास के साथ विरासत संरक्षण से बनी नई पहचान : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

Uncategorized

रायगढ़। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायगढ़ में प्रबुद्धजन सम्मेलन एवं विकसित भारत संकल्प सभा में गणमान्य जनों को विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्पित किया। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति को नई दिशा दी है। उन्होंने 140 करोड़ लोगों की सेवा के संकल्प के साथ बड़े और साहसिक निर्णय लिए हैं। कोरोना महामारी के बावजूद देश को चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया।

डिप्टी सीएम साव ने प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 करोड़ गरीब परिवारों के पक्के मकान के सपनों को साकार किया। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिली, जिससे आम जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आया। किसान समृद्धि योजना से देशभर के किसानों को मदद मिली। शिक्षा के क्षेत्र में अनेक उच्च संस्थानों की स्थापना हुई और रेलवे का देशव्यापी विस्तार कर कश्मीर व पूर्वोत्तर को रेलवे से जोड़ा गया। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाए।

साव ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि, सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सड़कों और पुलों का निर्माण किया गया। घुसपैठ और आतंकी गतिविधियों पर रोक लगाकर देश को सुरक्षित बनाया गया। पूर्वोत्तर में हिंसक संगठनों को मुख्यधारा से जोड़कर विकास की नई किरण पहुंचाई गई। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35A हटाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया गया। एयरस्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों से आतंक के ठिकानों को ध्वस्त किया गया। वहीं आत्मनिर्भर भारत अभियान से देश आयातक से निर्यातक बना है। जनधन योजना ने गरीबों के लिए बैंकिंग के द्वार खोले और बीच के बिचौलिए को समाप्त किया। जीएसटी सुधार ने व्यापार को सरल बनाया।

साव ने कहा कि, 2014 से पहले देश आतंकवाद, आर्थिक चुनौतियों और निराशा के माहौल से जूझ रहा था। लोगों में यह धारणा बन गई थी कि देश की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई दिशा प्राप्त की। आज भारत विश्व मंच पर मजबूती से अपनी बात रखने वाला और बड़े निर्णय लेने का साहस रखने वाला राष्ट्र बनकर उभरा है।मोदी सरकार ने महिलाओं के सम्मान के लिए करोड़ों शौचालयों का निर्माण कराया। उज्ज्वला योजना से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इससे आम नागरिकों में यह विश्वास मजबूत हुआ है कि सरकार उनके हितों के लिए कार्य कर रही है।

साव ने कहा कि जीएसटी, अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की स्थापना, काशी विश्वनाथ एवं महाकाल लोक जैसे धार्मिक स्थलों के विकास जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने देश की विरासत और विकास को नई ऊंचाई दी है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं को नए अवसर मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए देश का प्रत्येक नागरिक सहभागी बन रहा है और भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *