गौरेला पेंड्रा मरवाही, 11 जून 2026/निर्माणाधीन कंपोजिट बिल्डिंग का कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि भवन का निर्माण गुणवत्ता के साथ जुलाई माह के पहले सप्ताह तक पूरा कर लें। कलेक्टर ने कहा कि कंपोजिट बिल्डिंग के शुरू होने से विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होगा तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

आम नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें सुविधाजनक वातावरण में एक ही भवन में सेवाएं मिल सकेंगी। कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण नित्या ठाकुर ने निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति और शेष रह गए कार्यों की जानकारी दी। कलेक्टर ने भवन निर्माण से संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और शेष लंबित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने कहा। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडेय एवं निकिता मरकाम सहित संबंधित अधिकारी और इंजीनियर उपस्थित थे।