रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 7 महीने तक फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मासूम की हत्या करना स्वीकार कर लिया है।जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर 2025 को आमानाका इलाके में 4 वर्षीय मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बच्चे को अचेत हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की गई थी।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मासूम की मौत गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई है।
इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की मां और आरोपी जयदीप सिंह (27 वर्ष) के बीच अवैध संबंध थे। आरोपी का घर में आना-जाना था और वह बच्चे को अपने रिश्ते में बाधा मानता था। इसी वजह से उसने मासूम की हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया।डीसीपी पश्चिम श्री संदीप पटेल, एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन में एसीपी देवांश सिंह राठौर और थाना प्रभारी सुधांशु बघेल के नेतृत्व में टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने 10 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।