बसंतपुर : अंकिता शर्मा के निर्देश पर राजनांदगांव पुलिस ने जमातपारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और शांति भंग की आशंका को लेकर बड़ी कार्रवाई की। थाना बसंतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कैलाश लॉज संचालक प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन और एक संदिग्ध महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार जमातपारा स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर कार्यालय में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों द्वारा पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दिए गए और टालमटोल करते हुए गुमराह करने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों द्वारा मौके पर हो-हल्ला और अव्यवस्थित व्यवहार भी किया गया, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत पृथक-पृथक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।