ट्रक चालकों से लूटपाट और स्टील कंपनी में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार : तिल्दा-नेवरा

Uncategorized

रायपुर : ग्रामीण पुलिस ने तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में ट्रक चालकों से लूटपाट, मारपीट और संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड की कैंटीन में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, एक पल्सर मोटरसाइकिल, 30 लीटर डीजल और नकद रकम बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को काले रंग की कार और मोटरसाइकिल में सवार आरोपी सरोरा स्थित संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड परिसर में जबरन घुस गए।

आरोपियों ने लेबर कॉलोनी और कैंटीन कर्मचारियों के साथ लोहे की रॉड से मारपीट करते हुए कैंटीन काउंटर में जमकर तोड़फोड़ की।मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा ने कैंटीन संचालन के नाम पर अवैध मासिक वसूली और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।इसी रात आरोपियों ने सरोरा रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास दो ट्रकों को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद ट्रक चालकों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने ट्रकों के शीशे तोड़ दिए और ट्रक में रखा 30 लीटर डीजल तथा चालक के पास रखी नकदी लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद थाना तिल्दा-नेवरा में अलग-अलग धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लक्की शर्मा सहित कुल 6 आरोपियों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार, एक पल्सर बाइक, लूटा गया डीजल और नकद 12 हजार रुपए बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *