रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा तय हो गया है। 18 और 19 मई को उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस दौरान वे रायपुर और बस्तर संभाग के कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर विकास योजनाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक तक, शाह का पूरा दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।जानकारी के मुताबिक, सोमवार 18 मई को सुबह 10:30 बजे अमित शाह राजधानी रायपुर के पीटीएस माना पहुंचेंगे, जहां वे डायल-112 सेवा के लिए तैयार की गई 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे माना एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।

दोपहर करीब 12:30 बजे शाह बस्तर के नेतानार में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।दोपहर ढाई बजे के आसपास वे बादल अकादमी में अधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात एवं चर्चा करेंगे। वहीं शाम 4 बजे बस्तर के विकास कार्यों और योजनाओं की प्रेजेंटेशन के जरिए समीक्षा करेंगे।
शाम करीब 5:45 बजे केंद्रीय गृहमंत्री बस्तर भाजपा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 7 बजे आयोजित “बस्तर के संग” लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर स्थानीय संस्कृति और परंपराओं से रूबरू होंगे। अमित शाह का रात्रि विश्राम जगदलपुर में ही प्रस्तावित है।19 मई मंगलवार को सुबह 11 बजे वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे, जिसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा और समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक के बाद दोपहर 3 बजे अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे और शाम करीब 3:45 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।