रायपुर : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा मदर्स डे के अवसर पर महिलाओं और माताओं की सुरक्षा, सम्मान एवं जागरूकता को केंद्र में रखते हुए विशेष “संवाद से समाधान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत नगर निगम गार्डन, थाना कोतवाली क्षेत्र एवं फोकटपारा थाना मौदहापारा में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं, छात्राओं और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।कार्यक्रम में महिलाओं को रायपुर पुलिस की “पिंक पेट्रोल यूनिट” के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई महिला या छात्रा पीछा करने, अभद्र टिप्पणी, सोशल मीडिया पर उत्पीड़न, मोबाइल से परेशान करने, अश्लील हरकत या फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी जैसी घटनाओं का सामना करती है, तो वह तुरंत पिंक पेट्रोल हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 पर संपर्क कर सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। ऑनलाइन ठगी, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग जैसी घटनाओं की स्थिति में तुरंत डायल 1930 पर संपर्क करने और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते सूचना देने से ठगी गई रकम को होल्ड या वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।,,,कार्यक्रम के दौरान युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की डायल 1933 हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि यदि आसपास मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो तुरंत इसकी सूचना दें। वहीं किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या अपराध की सूचना के लिए डायल 112 की सेवाओं के प्रति भी आमजन को जागरूक किया गया।इस विशेष अभियान के तहत I4C एवं NCB द्वारा जारी जागरूकता पोस्टरों को सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर लोगों तक हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी पहुंचाई गई। कार्यक्रम में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा रायपुर पुलिस के इस जनजागरूकता प्रयास की सराहना की।मदर्स डे पर आयोजित यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।