पेंड्रा। पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन जैसा नजर आया, जहां निजी विवाद ने जान जोखिम में डाल दी। समय रहते प्रशासन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। पारिवारिक विवाद ने पेंड्रा में उस वक्त सनसनी फैला दी, जब पत्नी के मायके से वापस न आने से नाराज़ एक युवक 100 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। करीब 3 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश पर युवक सुरक्षित नीचे उतरा।मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के सेमरा ग्राम पंचायत निवासी केवल सिंह आयाम की पत्नी कुछ दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने मायके आई थी।


समारोह के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी, तो युवक खुद ससुराल पहुंचा और पत्नी को साथ चलने के लिए कहा, लेकिन पत्नी के इनकार करने पर वह नाराज़ हो गया।गुस्से में आकर युवक अगले दिन सुबह करीब 9 बजे पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटगार चौकी इलाके में स्थित हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ते देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही कोटगार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने करीब 3 घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया।आखिरकार, दोपहर करीब 1 बजे युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी समिला बाई ने भी अपनी बात रखी, जिसके बाद माहौल शांत हुआ।