लराजनांदगांव : 27 अप्रैल 2026जिला राजनांदगांव के थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को प्रार्थी अनुप यादव उर्फ मुंडू (29 वर्ष), निवासी बल्देवबाग, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24-25 अप्रैल की दरम्यानी रात वह अपने दोस्त शोएब खान का जन्मदिन मनाने गांधी चौक गया था। इसी दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।बताया गया कि विवाद के बीच आरोपी राकेश सोनी उर्फ तुफान और राकेश श्रीवास उर्फ कालू ने चाकू से हमला कर दिया। राकेश श्रीवास ने प्रार्थी के गले पर वार करने की कोशिश की, जिसे प्रार्थी ने हाथ से रोक लिया। इस दौरान उसके अंगूठे और उंगलियों के बीच गंभीर चोट आई। यदि वार नहीं रोका जाता, तो जानलेवा हमला हो सकता था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी राकेश श्रीवास (43 वर्ष), निवासी गौशाला मार्केट गांधी चौक, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी राकेश सोनी उर्फ तुफान के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपी को 25 अप्रैल को विधिवत गिरफ्तार कर 26 अप्रैल को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी राकेश सोनी उर्फ तुफान थाने का सूचीबद्ध गुंडा है और उसकी सरगर्मी से तलाश जारी है।दोनों पक्षों का आपराधिक रिकॉर्डपुलिस ने बताया कि आरोपी राकेश श्रीवास आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ जुआ एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई मामले दर्ज हैं। वहीं, प्रार्थी अनुप यादव भी पूर्व में मारपीट, आबकारी एक्ट, जुआ और चाकूबाजी जैसे मामलों में संलिप्त रहा है।इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मिलन सिंह, उपनिरीक्षक धनीराम नारंगे, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान, आरक्षक पूरन वर्मा और अश्वनी ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।