रायपुर, 27 अप्रैल 2026।राजधानी में देर रात हुई लूट की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुजल लदेर ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25-26 अप्रैल की दरम्यानी रात वह अपने दोस्त वैभव यादव के साथ स्कूटी से चंगोराभाठा से शिवानंद नगर स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 2:40 बजे कुकुरबेड़ा गुरुद्वारा के पीछे तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया और मारपीट करते हुए वैभव का आधार कार्ड तथा प्रार्थी के गले से चांदी की चैन लूटकर फरार हो गए।प्रकरण में थाना सरस्वती नगर में धारा 309(6) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक आरोपी की पहचान हिस्ट्रीशीटर आकाश नायक उर्फ जेडी के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने दो अन्य साथियों (दोनों नाबालिग) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों बालकों को भी पकड़ा गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी की चैन, आधार कार्ड और वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू बरामद कर लिया है।
मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी आकाश नायक उर्फ जेडी थाना सरस्वती नगर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।