साले ने दोस्त संग मिलकर जीजा पर किया जानलेवा हमला, गंज थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई—दो आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

रायपुर | 5 अप्रैल 2026
राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में पारिवारिक रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां साले ने अपने साथी के साथ मिलकर रिश्ते में जीजा पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया सुमित्रा दीप (30 वर्ष), निवासी कलिंग नगर गुढ़ियारी, ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पति रवि दीप अपने परिचित गौरव सोना के साथ गंजपारा स्थित देशी शराब दुकान के पास मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी बाबू मराठी (रिश्ते में साला) अपने साथी आयुष गुप्ता के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले रवि दीप द्वारा आरोपी बाबू मराठी की मां के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिससे आरोपी आक्रोशित था और बदले की भावना से उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी बाबू मराठी ने अपने पास रखी कैंची से रवि दीप पर हमला कर दिया, जिससे उनके सीने और जांघ में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद गौरव सोना ने बीच-बचाव कर घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की रिपोर्ट पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *