RPF का सराहनीय कार्य: “ऑपरेशन अमानत” के तहत यात्री का खोया ट्रॉली बैग सुरक्षित लौटाया

Uncategorized

राजनांदगांव | 03 अप्रैल 2026
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) राजनांदगांव ने “ऑपरेशन अमानत” के तहत एक बार फिर ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए यात्री का खोया हुआ ट्रॉली बैग सुरक्षित वापस किया। यह पूरी कार्यवाही मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर दीपचंद आर्य के निर्देशन में तथा निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में संपन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 अप्रैल 2026 को देर रात लगभग 00:45 बजे कंट्रोल कक्ष नागपुर से रेलमदद संख्या 2026040300158 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही RPF टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए संबंधित यात्री से संपर्क स्थापित किया।

इसी दौरान गाड़ी संख्या 18239 शिवनाथ एक्सप्रेस के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 02 पर आगमन के समय ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक आर. रायकवार द्वारा जनरल कोच की जांच के दौरान एक भूरे रंग का ट्रॉली बैग लावारिस हालत में मिला। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ के बावजूद बैग का कोई दावेदार नहीं मिला, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से RPF पोस्ट में जमा कराया गया।
बाद में सुबह लगभग 08:30 बजे शिकायतकर्ता यात्री श्रीमती पूजा देवांगन, निवासी काशीनगर (जिला कोरबा) पोस्ट पर पहुंचीं। उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और यात्रा टिकट का सत्यापन करने के बाद बैग की पहचान की गई। जांच में बैग के अंदर कपड़े, कॉपी-किताब और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित पाए गए।
सत्यापन पूर्ण होने के बाद लगभग ₹5,000 मूल्य का ट्रॉली बैग उसके सभी सामान सहित सही-सलामत यात्री को सौंप दिया गया। अपना खोया सामान वापस पाकर यात्री ने RPF टीम का आभार व्यक्त किया।
रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित और ईमानदार कार्यवाही से यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *