रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के माध्यम से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। हज 2026 की तीसरी किश्त जमा करने की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 06 अप्रैल 2026 कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमेन मिर्ज़ा एजाज बेग ने जानकारी देते हुए बताया कि Haj Committee of India द्वारा यह निर्णय लिया गया है, जिससे उन हज यात्रियों को सहूलियत मिलेगी जो अब तक तीसरी किश्त जमा नहीं कर पाए हैं।
उन्होंने बताया कि हज यात्रियों की सुविधा और बेहतर तैयारी के लिए राज्य हज कमेटी द्वारा 04 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विभिन्न जिलों में हज प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 04 अप्रैल को जगदलपुर (बस्तर), 07 अप्रैल को धमतरी और 11 अप्रैल को अंबिकापुर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे। अन्य जिलों की तिथियों की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।
इन प्रशिक्षण शिविरों में हज यात्रियों को यात्रा की शुरुआत से लेकर वापसी तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अरकाने हज की अदायगी, प्रशासनिक व्यवस्थाएं, रमी करने का सुरक्षित तरीका, आपदा प्रबंधन और हज सुविधा मोबाइल ऐप के संचालन का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
मिर्ज़ा एजाज बेग ने सभी हज यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी तीसरी किश्त जमा करें और प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेकर यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाएं।