‘हर घर जल’ से ‘हर बिल दलदल’ तक: सरगुजा में भुगतान के लिए ठेकेदार का आत्मदाह अल्टीमेटम

Uncategorized

बड़ी खबर : अंबिकापुर : सरगुजा जिले में जल जीवन मिशन के तहत विकास कार्यों की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहाँ काम पूरा होने के बावजूद भुगतान के लिए ठेकेदार दर-दर भटकने को मजबूर है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि ठेकेदार ने आत्मदाह तक की चेतावनी दे दी है।

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल ने लखनपुर क्षेत्र के जुड़वानी गांव में जल जीवन मिशन के तहत करीब 65 लाख रुपये की लागत से पानी टंकी निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा किया। गांव में पिछले छह महीनों से जल आपूर्ति भी सुचारू रूप से जारी है। इसके बावजूद विभाग द्वारा अब तक केवल 22 लाख रुपये का ही भुगतान किया गया है, जबकि शेष 43 लाख रुपये लंबित हैं।
ठेकेदार का आरोप है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के सब इंजीनियर धर्मेंद्र सिंह द्वारा भुगतान के एवज में कमीशन की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि जब तक कथित ‘कमीशन’ नहीं दिया जाएगा, तब तक बिल पास नहीं किया जाएगा।
इस पूरे मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। आर्थिक और मानसिक दबाव से परेशान ठेकेदार ने 30 मार्च को दोपहर 1 बजे पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच की जिम्मेदारी कार्यपालन अभियंता (EE) को सौंपी गई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन समय रहते ठेकेदार की समस्या का समाधान करेगा, या फिर किसी अप्रिय घटना के बाद ही सिस्टम की नींद टूटेगी।
यह मामला न केवल विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की हकीकत भी उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *