राजनांदगांव : 27 मार्च 2026,पावन रामनवमी के अवसर पर नवरात्रि पर्व के दौरान सफलतापूर्वक ड्यूटी निर्वहन के बाद राजनांदगांव पुलिस ने श्रद्धा और भक्ति के साथ माँ बम्लेश्वरी मंदिर में आरती-अर्चना की।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि जैसे बड़े और चुनौतीपूर्ण पर्व के दौरान पुलिस बल ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

इसी सफलता के उपलक्ष्य में पुलिस टीम ने माँ के दरबार में पहुंचकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।इस दौरान राजनांदगांव पुलिस बैंड ने अपनी प्रस्तुति से पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। मधुर धुनों और भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया, जिससे वातावरण और भी पावन हो उठा।नवरात्रि के दौरान पुलिस द्वारा की गई सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन का अवसर मिला।


खास बात यह रही कि पूरे मेले में शून्य दुर्घटना और जीरो क्रिमिनल इंसिडेंट के साथ डोंगरगढ़ मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसकी व्यापक सराहना की जा रही है।राजनांदगांव पुलिस,समस्त अधिकारी कर्मचारियों ने इस सफलता के लिए आम जनता के सहयोग के प्रति आभार जताया है और भविष्य में भी जनसेवा, सुरक्षा एवं धार्मिक आयोजनों के सुचारु संचालन के लिए इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया है।