एक चेहरा, कई जिम्मेदारियां—सरकार ने रजत बंसल पर जताया बड़ा भरोसा,मुख्यमंत्री सचिवालय में एंट्री के साथ जनसंपर्क, संवाद और माइनिंग सेक्टर की जिम्मेदारी

Uncategorized

नवा रायपुर, 26 मार्च। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा दांव खेलते हुए एक अहम चेहरा उभारा है। 2012 बैच के IAS अधिकारी रजत बंसल को मुख्यमंत्री की कोर टीम में शामिल करते हुए उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। इस फैसले को सरकार की रणनीतिक प्रशासनिक ‘सर्जरी’ के तौर पर देखा जा रहा है।

ताजा आदेश के तहत रजत बंसल को विशेष सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय बनाया गया है। अब वे सीधे सत्ता के सबसे अहम केंद्र से जुड़े रहेंगे और नीति निर्माण से लेकर क्रियान्वयन तक की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
अब तक सुशासन एवं अभिसरण विभाग में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत रहे बंसल को एक साथ कई ‘हाई-प्रोफाइल’ विभागों की कमान भी दी गई है।

इनमें आयुक्त, जनसंपर्क के रूप में सरकार की छवि और योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी, CEO संवाद के तौर पर मीडिया और कम्युनिकेशन मैनेजमेंट, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म के रूप में खनिज संसाधनों की निगरानी, और प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के जरिए माइनिंग सेक्टर की व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन शामिल है।
एक ही अधिकारी को इतने अहम विभागों की जिम्मेदारी दिए जाने से साफ है कि सरकार उन्हें ‘वन-पॉइंट कमांड’ के रूप में स्थापित करना चाहती है। प्रशासनिक हलकों में यह भी चर्चा है कि आने वाले समय में सरकार की योजनाओं के तेज क्रियान्वयन और प्रभावी जनसंपर्क के लिए यह कदम उठाया गया है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा फेरबदल सरकार की कार्यशैली को और अधिक तेज, केंद्रीकृत और परिणाममुखी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। आदेश 26 मार्च 2026 को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *