रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1700 करोड़ रुपये की देश-विदेश में फैली संपत्तियों को अटैच किया है। इस कार्रवाई में दुबई और नई दिल्ली में स्थित करीब 20 अचल संपत्तियों पर शिकंजा कसा गया है।
ED की जांच में खुलासा हुआ है कि इस नेटवर्क के जरिए अवैध सट्टेबाजी से भारी मात्रा में धन अर्जित किया गया, जिसे हवाला और क्रिप्टो के माध्यम से विदेशों में ट्रांसफर किया गया। अटैच की गई संपत्तियों में दुबई के लग्जरी विला, अपार्टमेंट और प्रतिष्ठित बुर्ज खलीफा में स्थित प्रॉपर्टी भी शामिल हैं।
इस मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगियों की संपत्तियां भी जब्त की गई हैं। ED ने देशभर में अब तक 175 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है, जिसमें 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 74 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
एजेंसी का कहना है कि महादेव सट्टा ऐप का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तेजी से फैल रहा था, जिसे तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। ED अब इस पूरे सिंडिकेट के फाइनेंशियल ट्रेल को खंगालते हुए बाकी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।