रायपुर, 19 मार्च 2026, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रांत में व्यापक स्तर पर ‘गृह संपर्क अभियान’ चलाया गया, जिसके तहत 30 लाख से अधिक घरों तक संपर्क स्थापित किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक संघ के कार्यों, विचारों और सेवा गतिविधियों को पहुंचाना रहा।यह जानकारी हरियाणा के पानीपत में 13 से 15 मार्च के बीच आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की वार्षिक बैठक के बाद साझा की गई। बैठक में देशभर से 1400 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें विभिन्न प्रांतों, क्षेत्रों और संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे। बैठक में संघ के वर्षभर के कार्यों की समीक्षा, आगामी योजनाओं और समाज में विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।छत्तीसगढ़ प्रांत में संगठन लगातार विस्तार की दिशा में कार्य कर रहा है। वर्तमान में प्रदेश के हजारों स्थानों पर शाखाएं संचालित हो रही हैं, जहां बड़ी संख्या में स्वयंसेवक नियमित रूप से जुड़ रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता लगातार बढ़ रही है।गृह संपर्क अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने गांव-गांव और शहरों की बस्तियों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान संघ के शताब्दी वर्ष, उसके सामाजिक कार्यों, सेवा प्रकल्पों और राष्ट्र निर्माण में भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन और सहभागिता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।संघ पदाधिकारियों के अनुसार, इस अभियान से समाज में व्यापक जागरूकता आई है और बड़ी संख्या में नए लोग संगठन से जुड़ने के लिए प्रेरित हुए हैं। आने वाले समय में भी इस प्रकार के अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने और संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।