अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला शक्ति टीम का सम्मान, समाज सेवा व सुरक्षा में योगदान की सराहना

Uncategorized

बलौदाबाजार-भाटापारा : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिटी कोतवाली बलौदाबाजार परिसर में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शांति ज्योति समाजसेवी संस्थान हथबंद तथा महिला पतंजलि योग समिति बलौदाबाजार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें समाज सेवा, सुरक्षा, शांति और सहयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला शक्ति टीम का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सिटी कोतवाली परिसर में आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, नागरिकों और महिला प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बलौदाबाजार सुश्री अपूर्वा सिंह उपस्थित रहीं। वहीं थाना प्रभारी रितेश मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। दोनों अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण, समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका तथा सुरक्षा और सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस दौरान महिला शक्ति टीम बलौदाबाजार को समाज सेवा, जागरूकता, सामाजिक सहयोग और जनहित में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है और ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।

शांति ज्योति समाजसेवी संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती अखिलेश्वरी शुक्ला तथा महिला पतंजलि योग समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, शांति, सहयोग और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा महिला शक्ति को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में सम्मानित मातृशक्तियों को संस्था की ओर से विभिन्न सामग्री और प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। इस अवसर पर अनपूर्णा बंजारे ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज की महिलाएं सशक्त और कर्मठ हैं। यदि सभी संगठित होकर कार्य करें तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
कार्यक्रम में मीना साहू, कुसुम साहू, दुर्गा यदु, प्रमोद शुक्ला, अखिलेश्वरी शुक्ला सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *