रायपुर। बस्तर क्षेत्र के लिए हवाई कनेक्टिविटी बहाल करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक जिला प्रशासन द्वारा एलायंस एयर कंपनी से रायपुर–जगदलपुर–हैदराबाद फ्लाइट सेवा को पुनः शुरू करने के लिए लगातार बातचीत की जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि मार्च के पहले सप्ताह तक इस संबंध में सकारात्मक खबर सामने आ सकती है।
यदि यह हवाई सेवा दोबारा शुरू होती है तो इससे बस्तर क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही हैदराबाद और रायपुर से बस्तर आने वाले पर्यटकों के लिए भी यात्रा आसान हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
गौरतलब है कि पहले एलायंस एयर इस रूट पर नियमित हवाई सेवा संचालित कर रही थी, लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने और आर्थिक नुकसान के चलते साल 2024 के मध्य में इस फ्लाइट को बंद कर दिया गया था।
अब जिला प्रशासन के प्रयासों के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि समर सेशन के दौरान इस रूट पर हवाई सेवा एक बार फिर शुरू हो सकती है, जिससे बस्तर की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ पर्यटन और व्यापार को भी नई गति मिल सकती है।