कबीरधाम : उप मुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार को कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित जिला साहू संघ एवं तहसील साहू संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ शामिल हुए। समारोह में साव ने निर्विरोध निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को कहा कि आप सभी समाज के उत्थान, जनसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाएंगे।
उप मुख्यमंत्री साव ने सामाजिकजनों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। समाज की तरक्की के लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। समय और परिस्थितियों के अनुसार समाज की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना होगा तथा समाज में व्याप्त बुराइयों पर गंभीरता से विचार करना होगा। उन्होंने कहा कि जब हर व्यक्ति को यह एहसास होगा कि समाज उसके साथ है, तभी संगठन और अधिक सशक्त बनेगा।

साव ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद के साथ खड़ा होना ही सच्ची समाज सेवा है। हर परिवार को सामाजिक सूत्रों में बांधना और युवा पीढ़ी को संस्कार व सही विचार देना अत्यंत आवश्यक है। बदलते वातावरण में युवाओं को सही मार्गदर्शन देने की जरूरत है। इस अवसर पर उन्होंने कवर्धा के दानवीर भामाशाह परिसर में बाउंड्रीवाल एवं शौचालय निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सामाजिक आयोजनों में महान विभूतियों का स्मरण प्रेरणा देता है। समाज के चहुमुंखी विकास के लिए शिक्षा और संस्कार दोनों जरूरी हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए नियमावली के पालन पर जोर दिया।
छत्तीसगढ़ साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने पदाधिकारियों से कहा कि आने वाले समय में समाज को और अधिक संगठित व मजबूत बनाना है। प्रदेश साहू संघ द्वारा समाज परिवार की ओर से विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि संस्कार विकास के लिए गांव से शहर तक कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा और सभी पदाधिकारियों से समाज के लिए समय देने का आह्वान किया।
समाज के पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण किया। इस दौरान समारोह में साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष नीरेंद्र साहू , सहित सामाजिक पदाधिकारी एवं सामाजिक जन उपस्थित रहे।