राजनांदगांव : दिनांक 07 जनवरी 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव द्वारा “ऑपरेशन नन्हे फ़रिश्ते” के तहत एक सराहनीय एवं मानवीय कार्य किया गया।
मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर दीप चंद्र आर्य के निर्देशन में तथा रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रभारी राजनंदगांव,इंस्पेक्टर तरुणा साहू के सुपरविजन में, ट्रेन संख्या 17008 दरभंगा एक्सप्रेस के कोच संख्या B/3 में यात्रा कर रहे लगभग 10 वर्ष के नाबालिग बालक सौरभ मिश्रा को RPF द्वारा सकुशल बरामद किया गया।
यात्रा के दौरान दुर्ग स्टेशन पर बच्चे के माता-पिता प्लेटफॉर्म पर उतर गए थे और ट्रेन चलने से बच्चा एवं सामान ट्रेन में ही रह गया। सूचना प्राप्त होते ही RPF राजनांदगांव द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित अपनी अभिरक्षा में लिया गया तथा उसके पिता श्री विनोद मिश्रा से संपर्क स्थापित किया गया।
कुछ समय पश्चात बच्चे के पिता राजनांदगांव RPF पोस्ट पहुँचे। आवश्यक सत्यापन के उपरांत चाइल्ड लाइन राजनांदगांव की उपस्थिति एवं पोस्ट स्टाफ तथा गवाहों के समक्ष बच्चे सौरभ मिश्रा को उनके पिता विनोद मिश्रा के सुपुर्द किया गया। बच्चे को अपने पिता से मिलते समय भावुक दृश्य उपस्थित हुआ और परिजनों ने RPF के इस मानवीय कार्य के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता हेतु सदैव प्रतिबद्ध है तथा “ऑपरेशन नन्हे फ़रिश्ते” के तहत लापता एवं असहाय बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।