रायपुर, 23 अगस्त 2026/खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा जनस्वास्थ्य एवं सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित “बने खाबो, बने रहिबो 2.0” सात दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है । अभियान के दौरान किराना दुकानों, होटल, ढाबों, मिठाई एवं डेयरी प्रतिष्ठानों सहित विभिन्न खाद्य कारोबारियों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया।अभियान के दौरान बिलासपुर जिले में प्रबल फूड प्रोडक्ट के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों का निर्माण अनहाइजेनिक परिस्थितियों में पाए जाने पर प्रतिष्ठान का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर निर्माण कार्य बंद कराया गया तथा खाद्य पदार्थ का नमूना जांच हेतु लिया गया।
बालोद जिले में किराना दुकानों एवं होटल आदि से दाल, चावल, चना तथा मिठाइयों के कुल 08 नमूने जांच हेतु संकलित किए गए। बेमेतरा में खोवा, मथुरा पेड़ा, नमकीन सेव एवं सोनपापड़ी सहित 05 नमूने, जबकि एमसीबी में बेसन लड्डू, गुलाब जामुन, मिल्क केक एवं शिकायत के आधार पर शक्कर के 04 विधिक/सर्विलांस नमूने लिए गए।रायगढ़ जिले में खरसिया क्षेत्र में मिठाइयों के नमूने संकलित किए गए तथा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराया गया। हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर पंडित होटल का निरीक्षण कर शाही पनीर एवं कुक्ड राइस के नमूने भी लिए गए। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के साथ 03 प्रतिष्ठानों का हाइजीन रेटिंग हेतु प्राथमिक निरीक्षण किया गया।खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में किराना प्रतिष्ठानों से मैदा, सरसों तेल, सोया बड़ी, बेसन, चीनी, बिस्किट, पोहा, मिर्च पाउडर, सोयाबीन तेल एवं अरहर दाल सहित 10 सर्विलांस नमूने संकलित किए गए।
सरगुजा में मिठाई निर्माण एवं होटल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खोवा का विधिक तथा अन्य खाद्य पदार्थ का सर्विलांस नमूना लिया गया।जांजगीर-चांपा जिले में मिठाई, कन्फेक्शनरी एवं राइस विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से 03 विधिक नमूने लिए गए। कोरबा में देवभोग मिल्क प्रोडक्ट से पनीर एवं दही तथा अन्य प्रतिष्ठान से देशी घी एवं नमकीन के विधिक नमूने संकलित किए गए।कबीरधाम, बलरामपुर एवं अन्य जिलों में भी होटल, स्वीट्स शॉप, किराना एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को अखाद्य/प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग नहीं करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, खाद्य पदार्थ परोसने के लिए अखबारी कागज अथवा स्याही लगे कागज का उपयोग नहीं करने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन को अद्यतन एवं परिसर में प्रदर्शित रखने के निर्देश दिए गए।खाद्य पदार्थों के संकलित नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियमों के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा आगामी रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने खाद्य कारोबारकर्ताओं से सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय करने तथा आम नागरिकों से भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता एवं लेबल संबंधी जानकारी पर ध्यान देने की अपील की है।