सुकमा : बस्तर रेंज : माओवादी कैडर बारसे देवा (पीएलजीए बटालियन क्रमांक 01 के कमांडर) के आत्मसमर्पण और पुनर्वास को लेकर कुछ अटकलें सामने आई हैं।
सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने स्पष्ट किया कि ज़िले में ऐसी जानकारी या परिस्थितियाँ 02 दिसंबर 2025 की शाम तक सामने नहीं आई हैं।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत किए जा रहे सतत प्रयास बस्तर रेंज में उल्लेखनीय परिणाम दे रहे हैं। सिर्फ पिछले दो महीनों में ही 570 से अधिक माओवादी कैडर, जिनमें केंद्रीय समिति सदस्य सतीश @ रूपेश तथा DKSZC Members रणिता, राजमन मांडवी, राजू सलाम, वेंकटेश और श्याम दादा शामिल हैं, हिंसा का रास्ता छोड़कर सामाजिक मुख्यधारा में लौटने का निर्णय ले चुके हैं।
आईजीपी बस्तर ने आगे कहा कि बारसे देवा, पप्पा राव, देवजी जैसे कैडरों को भी यह समझना होगा कि परिस्थितियाँ तेजी से बदल रही हैं। अब हिंसा और संघर्ष की राह पर बने रहने से न उन्हें और न ही अन्य कैडरों को किसी प्रकार का लाभ मिलने वाला है। इसके विपरीत, मुख्यधारा में लौटकर सम्मान, स्थिरता और नई शुरुआत का अवसर अभी उनके सामने है। इसलिए मुख्यधारा में लौटने के निर्णय को और टालने का कोई अर्थ नहीं है—सही फैसला लेने का यही सबसे उपयुक्त समय है।