रायपुर : जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि CM भूपेश बघेल ने 4 जून 2019 को कोरबा जिले के पाली विकासखण्ड के ग्राम केराझरिया में आदर्श गौठान का लोकार्पण किया था।
अमित जोगी ने कहा कि आज 2 महीने बाद इस गौठान में न तो गायें हैं, न गायों को खिलाने के लिए चारा बचा है और न ही उनकी देखरेख करने वाले चरवाहे। चरवाहों ने भी पेमेंट नहीं मिलने से काम छोड़ दिया है। बीते 6 महीने में मनरेगा के तहत सिर्फ एक बार 5000 की मजदूरी दी गई। 4 चरवाहे नियुक्त किए गए थे लेकिन किसी को भी मजदूरी नहीं मिलने पर सबने काम छोड़ दिया है। वहाँ रखवाली कर रहे एक बुजुर्ग को भी 6 महीने में सिर्फ एक बार 5000 की मजदूरी मिली है। मनरेगा से पैसा दिया जाना था लेकिन नहीं दिया गया। गौठान में भारी बारिश से पानी भी भरने लगा है और आज वहाँ दो महीने पहले बना शेड भी गिर गया। क्षेत्रीय कांग्रेसी विधायक और प्रशासन दोनों को इस बात की जानकारी नहीं है।अमित जोगी ने आरोप लगाया कि CM भूपेश बघेल ने हेलिकॉप्टर से जाकर आदर्श गौठान का उद्घाटन तो कर लिया लेकिन ₹ 43 लाख की लागत से बनाए इस गौठान की किसी ने दुबारा सुध लेने की कोशिश भी नहीं की और सारा पैसा डकार लिया।यही हाल प्रदेश के लगभग सभी ‘आदर्श गैठानों’ का है। अमित जोगी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ‘गौहत्या’ के आरोपी है। श्री भूपेश बघेल ने 7 महीने में बिहार के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव जी के 15 सालों में किए गए ‘चारा घोटाला’ को कोसों मील पीछे छोड़ दिया।
अमित जोगी ने माँग करी कि समय रहते इस महा चारा घोटाले की CBI से निष्पक्ष जाँच करानी चाहिए वरना भूपेश बघेल अगले 3 सालों में ‘घुरवा’ योजना के बहाने ₹ 10,000 करोड़ हज़म कर जाएँगे। अमित ने आगे बताया कि इस सम्बंध में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) द्वारा हर जिले में गठित ‘गौठान जाँच दल’ माननीय राज्यपाल को सभी प्रमाणों के साथ 1 सितम्बर को ज्ञापन सौंपेगा।