योग के रंग में रंगा रायपुर: योग दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता रैली का आयोजन

Uncategorized

रायपुर, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा एक भव्य योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में आयोजित की गई।

रैली का शुभारंभ शाम 5 बजे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, रायपुर से हुआ। जो मुख्य चौक चौराहों से होते हुए घड़ी चौक पर समाप्त हुई। रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना था।

रैली में शामिल प्रतिभागियों ने योग के लाभों को लेकर आमजन को जागरूक किया। “योग से ही स्वास्थ्य, योग से ही जीवन” जैसे नारों से शहर की गलियाँ गूंज उठीं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को योग के प्रति प्रेरित करना और उन्हें निरोग रहने के सरल उपायों से जोड़ना रहा।

इस अवसर पर संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के अधिकारी डॉ. अजय शंकर कन्नौजे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा नर्सिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में इस रैली में शामिल हुए। छात्राओं ने पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

रैली के दौरान राह चलते लोग भी इस आयोजन से प्रभावित नजर आए और कई जगहों पर लोगों ने रुककर रैली का उत्साहवर्धन किया। रैली ने यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया कि योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है जिसे अपनाकर हम न केवल खुद को बल्कि पूरे समाज को स्वस्थ बना सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग की यह पहल आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की कड़ी है, जो प्रदेशभर में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *