भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद –राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर के  वैज्ञानिकों ने ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ में किया सक्रिय सहभागिता

Chhattisgarh

रायपुर, दि. 29 मई 2025,भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के तत्वावधान में आज से आरंभ हुए ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद –राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (ICAR-NIBSM), रायपुर के निदेशक डॉ. पी.के. राय तथा वैज्ञानिकों की टीम ने विभिन्न जिलों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों, तकनीकी प्रदर्शनियों और किसान संवाद कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की।
यह अभियान 12 जून 2025 तक चलेगा और इसका उद्देश्य वैज्ञानिकों को किसानों से सीधे जोड़ते हुए उन्हें नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा सफल कृषि मॉडलों की जानकारी प्रदान करना है। अभियान में राज्य कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs) तथा संबंधित विभागों का सहयोग लिया जा रहा है।
डॉ. पी.के. राय ने बताया कि, इस राष्ट्रव्यापी पहल के अंतर्गत लगभग 1.5 करोड़ किसानों तक पहुँचने का लक्ष्य है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद –राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान की 10 से अधिक वैज्ञानिक टीमें विभिन्न जिलों में भ्रमण कर किसानों के साथ संवाद, प्रशिक्षण एवं प्रायोगिक प्रदर्शन कर रही हैं।
अभियान में स्मार्ट कृषि उपकरण, ड्रोन, वर्टिकल फार्मिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकें, बायो-फोर्टिफाइड फसलें, उन्नत सिंचाई विधियाँ, मौसम पूर्वानुमान उपकरण तथा फसल कटाई के बाद के प्रबंधन से संबंधित तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, किसानों के लिए प्रशिक्षण सत्र, प्रदर्शनियाँ, किसान–वैज्ञानिक संवाद तथा प्रायोगिक प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। वैज्ञानिकों द्वारा किसानों की प्रतिक्रिया और सफल प्रयासों का दस्तावेजीकरण भी किया जा रहा है।
अभियान की समाप्ति पर इसके समग्र प्रभाव का मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे भविष्य की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *