आयुक्त चिकित्सा शिक्षा शिखा राजपूत तिवारी ने अम्बेडकर अस्पताल का किया निरीक्षण, देखी व्यवस्थाएं

Chhattisgarh

रायपुर, 26 अप्रैल 2025/आयुक्त चिकित्सा शिक्षा शिखा राजपूत तिवारी ने शनिवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का ज़ायजा लिया। उन्होंने अम्बेडकर अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर, रेडियो डायग्नोसिस (एक्स रे) विभाग, डीएसए ब्लॉक, स्त्री और प्रसूति रोग वार्ड, नियोनेटल केयर यूनिट(नर्सरी), एचडीयू वार्ड, कैंसर ओपीडी, कीमोथेरेपी कक्ष सहित प्रस्तावित एकीकृत 700 बिस्तर अस्पताल स्थल का अवलोकन कर चिकित्सालय के विभिन्न विभागों में स्थापित मशीनों के संबंध में जानकारी ली।

सीएमई शिखा राजपूत तिवारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्रदाय किये जा रहे स्वास्थ्य सुविधाओं और भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सालय के किचन का निरीक्षण किया। चिकित्सालय के विभिन्न विभागों में चिकित्सकों की उपलब्धता/कमी/आवश्यकता, नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियन तथा चतुर्थ श्रेणी के भरे तथा रिक्त पदों के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही चिकित्सालय के ऐसे विभाग जहां पर मानव संसाधन की तत्काल आवश्यकता है, वहां पर वैकल्पिक व्यवस्था के अंतर्गत संविदा नियुक्ति के सम्बंध में अस्पताल के अधिकारियों से चर्चा की।

सीएमई ने कहा कि चिकित्सा एक अति आवश्यक सेवा है, इसलिए अस्पताल के सभी लोगों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी, अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, समेत अम्बेडकर अस्पताल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *