रायपुर/चर्चित महादेव ऐप सट्टा बंद होने का नाम नहीं ले रहा, पुलिस लगातार कार्यवाई कर लोगों को जेल भेजती रही है। कल ही महादेव ऐप सट्टा मामले पर पुलिस ने खुलासा किया था।
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना अंतर्गत महादेव सट्टा के कर्जदार से परेशान होकर कारोबारी संदीप बग्गा ने कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी है. मृतक कारोबारी सिविल लाइन थाना अंतर्गत शंकर नगर सेक्टर 2 का रहने वाला था. कारोबारी ने मौत को गले लगाने के पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था. जिसमें नीतेश मित्तल से अपने पैसे 10 लाख रुपए वापस मांगने पर उसे बार बार जान से मारने की धमकी मिली थी. मृतक संदीप बग्गा ने महादेव सट्टा एप से जुड़े नितेश को 10 लाख रुपए उधार दिए थे. वहीं सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले में नीतेश मित्तल उर्फ गुप्ता के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर नीतेश मित्तल की तलाश में जुट गई है.
सिविल लाइन थाना प्रभारी रोहित मालेकर ने बताया कि “सिविल लाइन अंतर्गत शंकर नगर सेक्टर 2 का रहने वाला कारोबारी संदीप बग्गा 9 मई को कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी. जिसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां पर रविवार को इलाज के दौरान संदीप बग्गा ने दम तोड़ दिया. संदीप बग्गा के मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी और पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. सिविल लाइन पुलिस आरोपी नितेश मित्तल की तलाश में संभावित जगहों पर छापेमार कार्रवाई कर रही है लेकिन आरोपी के बारे अब तक कोई भी सुराग पुलिस को नहीं मिला है.”
मृतक संदीप बग्गा अपने 10 लाख रुपए वापस लेने के लिए आरोपी को फोन करता रहा लेकिन उसे बार-बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से जान से मारने की धमकी मिल रही थी. जिसके कारण मृतक तनाव में आकर कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली. वही इस पूरे मामले के बाद सिविल लाइन पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच में जुट गई है. लेकिन पुलिस को अब तक इस संबंध में कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा है.
सिविल लाइन पुलिस की माने तो मृतक संदीप बग्गा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि नितेश मित्तल उर्फ गुप्ता को उसने 10 लाख रुपए उधार दिए थे और उसी पैसे को मांगने के लिए वह बार बार नितेश मित्तल को फोन किया करता था और जान से मारने की मिली धमकी के बाद कारोबारी संदीप बग्गा ने आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक नितेश महादेव सट्टा एप, लोटस बुक और रेडी एप जैसे लंबे चौड़े काम किया करता था.