रायपुर से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस की गुंडागर्दी : संजय श्रीवास्तव

Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ : रायपुर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा है कि ऐसा लगता है कि छत्तीसगढ़ में सत्ता में आते ही कांग्रेस ने अपने गुंडों को आम जनता का जीना हराम करने का लाइसेंस जारी कर दिया है। सरकार के दबाव में पूरे प्रदेश में पुलिस अराजक कांग्रेसियों की मददगार साबित हो रही है। फरियादियों को ही थाने में बैठाया जा रहा है और लोकसभा प्रत्याशी से लेकर कांग्रेस के विधायक आरोपियों के साथ गलबहिया डाल कर घूमते नजर आ रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने कहा कि अंबिकापुर से लेकर जगदलपुर तक, कांकेर से लेकर राजनांदगांव तक और रायपुर से लेकर दिल्ली तक हर जगह कांग्रेसी कोहराम मचाए हुए हैं। कांग्रेस अपने मूल चरित्र पर लौट आई है। वह छत्तीसगढ़ में सत्ता पर काबिज होने के साथ ही इस तरह अति उत्साह में आ गई कि रायपुर से लेकर पूरे देश में कांग्रेसी और राहुल गांधी की चाटुकार मंडली से लेकर भूपेश बघेल और उनसे जुड़े तमाम सहयोगियों के पाले हुए गुंडे पूरे छत्तीसगढ़ में जंगलराज का प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसा जान पड़ता है कि भूपेश बघेल ने कांग्रेस के गुंडों को समानांतर सरकार चलाने की छूट दे रखी है। यही कारण है कि पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई करने की बजाय उनके इशारे पर पीड़ित पक्ष को ही थाने का मेहमान बना रही है। श्रीवास्तव ने बिलासपुर जिले के मरवाही में भाजपा नेता की पुलिस थाने में हुई मौत का हवाला देते हुए कहा कि आखिर क्या वजह थी कि फरियादी को थाने में बैठाया गया और उनकी मौत हो गई। इसी तरह अंबिकापुर में भी 7 बरस की एक बच्ची के साथ कुकर्म की घटना ने कांग्रेस राज की हकीकत सामने ला दी है। इसी तरह रायगढ़ में निर्भया कांड जैसी वीभत्स घटना होता है अब रायपुर में भी कांग्रेस के एक गुंडे ने एक दंपति के साथ मारपीट की और महिला के साथ छेड़खानी भी की लेकिन उस पर कार्रवाई करने की जगह पुलिस वालों ने प्रताड़ित पति पत्नी को ही घंटों थाने में बैठने मजबूर किया। इसका सीधा अर्थ यह है कि सरकारी संरक्षण में कांग्रेस के गुंडे आम जनता के साथ सरेआम मारपीट कर रहे हैं और उन पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही। कांग्रेस अपने गुंडों को किस तरह संरक्षण दे रही है उसकी एक बानगी यहां की रायपुर लोकसभा के प्रत्याशी महापौर प्रमोद दुबे विधायक विकास उपाध्याय और विधायक कुलदीप जुनेजा के साथ वहीं आरोपी नजर आ रहा है।
भाजपा प्रवक्ता श्री श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस ने रायपुर से लेकर दिल्ली तक गुंडा संस्कृति को जब अभी इतना बढ़ावा दे रखा है। कांग्रेस नेता दिल्ली में सेना प्रमुख को सड़क का गुंडा कहते है और गुंडों को कांग्रेसी कार्यकर्ता। वाह रे कांग्र्रेस तेरा राहुल ही मालिक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *