मुख्यमंत्री बोले- स्काई वॉक रमन और मूणत के कमीशनखोरी का स्मारक, इसे हम नहीं ढहाएंगे

Uncategorized

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बयान पर पलटवार करते हुए कहा, महंगाई और बेरोजगारी पर तो उन्होंने कुछ नहीं बोला। पेट्रोल, डीजल और गैस पर कुछ नहीं कहा, लेकिन स्काईवॉक ढहाने के बारे में उन्होंने जरूर कहा। उन्हें स्काईवॉक की चिंता करने की जरूरत नहीं है। पौने चार साल हो गए, अगर ढहाना होता तो, ढहा देते। सीएम ने कहा कि स्काईवाॅक डॉ. रमन सिंह और राजेश मूणत के कमीशनखोरी का स्मारक है, इसे हम नहीं ढहाएंगे।
सक्ती और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का शुभारंभ कर दौरे से रायपुर वापस लौटने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हैलीपेड में संवाददाताओं से चर्चा में कहा, आज 2 जिले का शुभारंभ हुआ। लोगों में काफी उत्साह था। वर्षों से लंबित मांग थी, जो आज पूरी हुई। लोग काफी खुश नजर आए। भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी को बदले जाने पर उन्होंने कहा, जो हंटर चलाती थीं, भाजपा ने उनको हटा दिया। जब से जामवाल आए हैं, नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष बदल गए। अब प्रभारी भी बदल गए। सहप्रभारी नितिन नवीन कितने दिनों तक रहते हैं, यह देखने वाली बात है।
भारत जोड़ो यात्रा पर देश की निगाहें
कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा पर मुख्यमंत्री ने कहा, जिस जगह से यह यात्रा निकलती थी। हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर निकलते थे। बच्चे, जवान, महिलाएं और सभी वर्ग के लोगों ने राहुल गांधी का स्वागत किया। भारत जोड़ो यात्रा में लोगों का गजब का उत्साह है। पूरे देश की निगाहें राहुल गांधी की पदयात्रा पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *