भूपेश बोले- बड़े उद्योगपतियों के करोड़ों रुपए का ऋण माफ करना रेवड़ी नहीं रबड़ी

Uncategorized

रायपुर : दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली में केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, एक तरफ महंगाई बढ़ती जा रही है, दूसरी तरफ लोगों की आय में कमी होती जा रही है। देश में बढ़ रही महंगाई के खिलाफ कांग्रेस लड़ाई लड़ रही है। एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी किसानों, गरीबों, मजदूरों के हक में आवाज उठाते हैं। वहीं देश का दुर्भाग्य है कि सत्ता में बैठे लोग बेरोजगारी और महंगाई दूर करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ लड़ाई लड़ते हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, मजदूर, किसानों के हक में फैसला करती है। किसानों का ऋण माफ करना, गरीबों का मुफ्त में इलाज को वे लोग रेवड़ी कह रहे हैं। वहीं केंद्र सरकार का बड़े उद्योगपतियों के लाखों-करोड़ों रुपयों का ऋण माफ करना रेवड़ी नहीं, रबड़ी है। उन्होंने कहा, हम मेहनत और श्रम का सम्मान करते हैं और वे श्रम का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा, राहुल ने जब जब इस रामलीला मैदान से हल्ला बोला है। तब तक सत्ता में बैठे लोगों को मजबूर होकर झुकना पड़ा है। कृषि कानूनों के संदर्भ में भी राहुल ने कहा था कि सरकार को इन काले कानूनों को वापस लेना पड़ेगा। एक साल तक पूरा जोर लगाने के बाद भी सरकार को झुकना पड़ा और काले कानून वापस हुए। महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित बड़े नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री और आधा दर्जन मंत्री शामिल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सुबह मंत्री ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, डॉ. शिव डहरिया, अमरजीत भगत, कवासी लखमा और अनिला भेड़िया के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ एआईसीसी सचिव और विधायक विकास उपाध्याय, मुख्यमंत्री के सलाहकार और एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी और प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल आदि नेता भी वहां पहुंचे थे। यहां से सभी नेताओं को बसों से रामलीला मैदान ले जाया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने मोर्चा संभाला
इधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ भी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं का एक दल पहुंचा। शुक्रवार को ही हजारों कार्यकर्ताओं से भरी एक विशेष ट्रेन को रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना किया था। कार्यकर्ता दूसरे दिन शनिवार को देर रात दिल्ली पहुंचे। उसके अलावा वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता अन्य साधनों से दिल्ली पहुंचे और हल्ला बोल में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *