छत्तीसगढ़ के सभी विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस की आजादी की गौरव यात्रा शुरू

Chhattisgarh

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार से आजादी की गौरव पदयात्रा की शुरुआत कर दी। एआईसीसी के निर्देश पर 6 दिन में 75 किमी की पदयात्रा करनी होगी। मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र पाटन की तीनों ब्लाॅक में यात्रा शुरू हुई। राजधानी रायपुर में उत्तर में देवेंद्र नगर, रायपुर ग्रामीण में बोरियाखुर्द, रायपुर पश्चिम खमतराई, रायपुर दक्षिण में भगवतीचरण शुक्ल वार्ड से यात्रा शुरू हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में कोंडागांव से तिरंगा यात्रा निकली।
आजादी के अमृत महोत्सव पर आजादी की गौरव पदयात्रा के तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उनके विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पाटन में पदयात्रा का नेतृत्व करना है। मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री विश्व आदिवासी दिवस आयोजनों की वजह से पहले दिन यात्रा में शामिल नहीं हो पाए। वहीं अधिकतर मंत्रियों ने मोर्चा संभाल लिया है। सक्ती में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत एकसाथ यात्रा में शामिल हुए। दुर्ग ग्रामीण में मंत्री ताम्रध्वज साहू, अंबिकापुर में मंत्री टीएस सिंहदेव, मंत्री अमरजीत भगत सीतापुर, मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया आरंग, डौण्डीलोहारा में मंत्री अनिला भेड़िया, मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में मानिकपुर से तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। सारंगढ़ विधानसभा में विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े, लैलुंगा विधानसभा के ग्राम कुपापानी से विधायक चक्रधर सिंह सिदार के नेतृत्व में पदयात्रा आरंभ हुई। महासमुंद विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर के नेतृत्व में ग्राम, बेंमचा, परसदा, कौदकेरा, सोरिद, मुड़मार, पतेरापाली में बरसते पानी में गौरव पदयात्रा निकाली गई। विभिन्न क्षेत्रों में विधायकों, पिछला विधानसभा चुनाव हार चुके पार्टी प्रत्याशियों और पदाधिकारियों को यात्रा का जिम्मा दिया गया है।
सूखा प्रभावित खेतों में पहुंचे सिंहदेव
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने आजादी की गौरव पदयात्रा की शुरुआत उदयपुर ब्लाॅक के देवगढ़ से की। भारी जनसमूह के साथ हाथों में तिरंगा लिए यह पदयात्रा देवगढ़ मंदिर से भदवाही, खमरिया, रीखी, सलका, पलका, सोनतराई, मिरगाडाड़ होते हुए 22 किमी. की दूरी तय कर उदयपुर पहुंची। पदयात्रा के दौरान श्री सिंहदेव ग्रामीणों से बातचीत करते हुए आगे बढ़े। उन्होंने सूखा प्रभावित खेतों में पहुंचकर वहां के हालात देखे, किसानों से चर्चा कर मदद का भरोसा दिलाया।
मरकाम ने निकाली तिरंगा यात्रा
कोण्डागांव में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने स्थानीय शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर आजादी की गौरव यात्रा की शुरुआत की। हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ों पदयात्री मुख्य मार्ग से संबलपुर के लिए रवाना हुए। वहां एक जनसभा में उन्होंने आजादी के आंदोलन में कांग्रेस और आदिवासी समाज की भूमिका पर अपनी बात रखी। यह यात्रा बनियागांव तक गई। बुधवार को यह पदयात्रा बनियागांव से शुरू होकर आगे बढ़ते हुए बड़े कनेरा तक जाएगी।
रायपुर में भी निकाली प्रभात फेरी
रायपुर पश्चिम से कांग्रेस के अलग-अलग ब्लॉक अध्यक्षों, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आदि की अगुवाई में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभातफेरी की शुरुआत संत रविदास वार्ड से हुई। विधायक विकास उपाध्याय ने वहां प्रत्येक दिन प्रभात फेरी निकालने की योजना बनाई है। रायपुर ग्रामीण विधानसभा में विधायक सत्यानारायण शर्मा की अगुवाई में पदयात्रा निकली। रायपुर दक्षिण विधानसभा में नगर निगम सभापति प्रमोद दुबे की अगुवाई में प्रभात फेरी निकाली गई। उत्तर में विधायक कुलदीप जुनेजा ने पदयात्रा निकाली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *