रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नीति आयोग की बैठक में छत्तीसगढ़ में व्यापार और उत्पादकों को लाभ मिले सके, इसके लिए कार्गो की मांग की गई है। गोधन न्याय योजना की प्रशंसा पर उन्होंने कहा, हमारी योजना सफल हो रही है। राष्ट्रीय स्तर पर इसकी चर्चा है। यूपी-एमपी जैसे राज्यों में इसे लागू किया जा रहा है, इसके बाद भी छत्तीसगढ़ भाजपा के नेता दुविधा की स्थिति में हैं।
मुख्यमंत्री बघेल ने चार दिवसीय दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के दौरे से रायपुर लौटने के बाद एयरपोर्ट में संवाददाताओं से चर्चा में कहा, दिल्ली में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति, पीएम और गृहमंत्री से मुलाकात हुई। पीएम के साथ छत्तीसगढ़ के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बहुत सारी डिमांड थी, जो मैंने रखी, इसमें टैक्स के 13 हजार करोड़ रुपए, जो नहीं मिले हैं, उसे देने की मांग, कोयला रॉयल्टी के 4000 करोड़ दिए जाने की मांग भी की है।
हिमाचल में सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी
हिमाचल प्रदेश के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस मजबूत है। सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी का माहौल है। सब एक साथ होकर लड़ेंगे तो सफलता निश्चित है। वहां पर चुनाव की तैयारियों के लिए बैठक लेकर सक्रिय करने की रणनीति बनाई गई है।
बारिश में सचेत रहने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू के वायरस के फैलने के सवाल पर कहा, बरसात के दिनों में बहुत सारे वायरस वातावरण में पाए जाते हैं। बरसात में मलेरिया डेंगू का खतरा भी बना रहता है, इस मौसम में सचेत रहने की जरूरत है।
अजय स्मृति लोप के शिकार
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर के नक्सली रैली के ट्वीट के सवाल पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा, अजय चंद्राकर स्मृति लोप के शिकार हो गए हैं। पिछली सरकार में कितनी रैलियां होती थीं, वो उन्हें याद नहीं हैं। अभी नक्सली बहुत पीछे चले गए हैं। नक्सल क्षेत्र में बहुत अंदर जाकर उनसे निपटने का प्रयास हुआ है।
10 को जाएंगे झारखंड
कांग्रेस के आजादी की गौरव पदयात्रा में शामिल होने के सवाल पर कहा, मंगलवार को वे आदिवासी दिवस पर रायपुर और बिलासपुर के कार्यक्रम में रहेंगे। 10 अगस्त को झारखंड के रांची में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। उसके बाद अलग-अलग जगहों की पदयात्रा में शामिल होंगे।