मुख्यमंत्री ने कहा- गैर भाजपा शासित राज्यों को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे ईडी, आईटी और सीबीआई

Chhattisgarh

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय जांच एजेंसियों पर सरकार को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, ईडी, आईटी और सीबीआई गैर भाजपा शासित राज्यों में सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही हैं। एजेंसियां छापा डालें तो कोई बात नहीं, लेकिन ये दुर्भावना लेकर आती हैं और यह ज्यादा घातक है।
पुलिस लाइन हेलीपैड पर संवाददाताओं से चर्चा के दौरान महाराष्ट्र में संजय राउत की गिरफ्तारी से जुड़े सवालाें पर मुख्यमंत्री ने कहा, सीधी सी बात है, केंद्र सरकार के खिलाफ जो बोलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। सारे पूर्व उदाहरणों में यही है। ईडी के पिछले आठ साल का ट्रेक रिकॉर्ड निकालेंगे तो पता चलेगा कि केवल विपक्षियों को टारगेट किया गया है। ईडी जो है वह राजनीतिक उद्देश्य के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, जहां भाजपा शासित राज्य हैं, भाजपा के नेता हैं अथवा उससे जुड़े हुए संगठन हैं, वहां वे कार्रवाई नहीं करते। केवल विपक्षियों को टारगेट किया गया है। उन्होंने कहा, अगर गलत हुआ है तो उसमें कार्रवाई होनी चाहिए। हम इसका कोई बचाव नहीं करते, लेकिन केवल विरोधी दल के लोगों को टारगेट किया जाए, इसका हम विरोध करते हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, ईडी, आईटी और सीबीआई लगातार गैर भाजपा शासित राज्यों को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उसका उदाहरण है कि झारखंड में किस प्रकार से हो रहा है। छत्तीसगढ़ के बारे में बोलता हूं, तो भाजपा के लोग हंसी उड़ाते हैं। उनका उद्देश्य ही यही है।
हम लोगों के जेब में पैसा डाल रहे
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, गुजरात मॉडल की इतनी चर्चा हुई, लेकिन गुजरात मॉडल में सिर्फ जनता की जेब से पैसा निकालने का काम हो रहा है। छत्तीसगढ़ मॉडल में हम आम जनता की जेब पैसे देने का काम कर रहे हैं, उन्हें सम्मान देने का काम कर रहे हैं।
बातचीत के रास्ते खुले
कर्मचारियों की हड़ताल से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, बातचीत के रास्ते हमेशा खुले हुए हैं। जिनको बात करनी है वे आकर अधिकारी स्तर पर बातचीत करें। हड़ताली कर्मचारियों के वेतन कटौती के आदेश से उपजे आक्रोश के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *