ईडी के विरोध में 26 को कांग्रेस का सत्याग्रह

Chhattisgarh

रायपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए 26 जुलाई को दोबारा बुलाया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं को परेशान करने ईडी को लगाया गया है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के दुरूपयोग के खिलाफ 26 जुलाई मंगलवार को राजधानी के गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण सत्याग्रह का आयोजन किया गया है। यह सत्याग्रह सुबह 10 बजे से शुरू होगा और तब तक जारी रहेगा, जब तक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय से बाहर नहीं आ जातीं।
कांग्रेस संगठन के प्रदेश महामंत्री अमरजीत चावला ने जिला, ब्लॉक मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्षों को लिखे पत्र में कहा कि भाजपा सरकार द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ राजनीति से प्रेरित होकर द्वेषपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। यह सब मोदी सरकार और भाजपा अपनी विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कर रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 26 जुलाई को इसे लेकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया जाएगा। धरना में कांग्रेस पदाधिकारियों, विधायको, पार्षदों सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके पूर्व 21 जुलाई को ईडी कार्यालय का घेराव करने कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया था। प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन के बाद जिलों में दूसरे दिन प्रदर्शन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *