रायपुर। देश के 16वें राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए सोमवार को मतदान होगा। प्रदेश के 90 विधायक विधानसभा के समिति कक्ष क्रमांक-2 में बनाए गए मतदान केंद्र में वोट डालेंगे। वहां पूरी तैयारियां की जा चुकी हैं। मतदान का समय सुबह दस से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। मतों की गिनती 21 जुलाई को नई दिल्ली में की जाएगी। माना जा रहा है कि सभी सांसद दिल्ली में ही अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
तय फॉर्मूले के अनुसार इस निर्वाचन में एक सांसद के मत का मूल्य 700 है। जबकि छत्तीसगढ़ के विधायकों का मत मूल्य 129 है। वर्तमान निर्वाचक मण्डल में 233 राज्यसभा सदस्य, 543 लोकसभा सदस्य एवं 4033 राज्य विधानसभाओं के सदस्यों सहित कुल 4809 सदस्य हैं।
मुर्मू और सिन्हा के समर्थन में ये दल
छत्तीसगढ़ विधानसभा में 90 विधायक और संसद के 16 सदस्य इस चुनाव में मतदाता हैं। विधानसभा में कांग्रेस का बहुमत है और उसके 71 सदस्य हैं। संसद में भाजपा के 10 सांसद हैं। वहीं कांग्रेस के पास लोकसभा के दो और राज्यसभा के चार मिलाकर 6 वोट हैं। विधानसभा में भाजपा के पास 14, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के 3 और बहुजन समाज पार्टी के 2 विधायकों का वोट है। राज्य में कांग्रेस यूपीए प्रत्याशी यशवंत सिन्हा का समर्थन कर रही है। कांग्रेस सांसदों और विधायकों का मत मूल्य 13 हजार 359 हो रहा है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में भाजपा के विधायकों और सांसदों का मत मूल्य 8806 हो रहा है। वहीं जोगी कांग्रेस ने भाजपा समर्थित राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी काे वोट करने का ऐलान किया है। उनके तीन विधायकों का मत मूल्य 635 होगा। बसपा ने द्रौपदी मुर्मू को सपोर्ट करने का निर्णय लिया है।