भूपेश बोले- चलो एक साथ जाकर देखते हैं द कश्‍मीर फाइल्‍स, सिनेमा हाल किया बुक

Uncategorized

रायपुर।विधानसभा में मूवी द कश्मीर फाइल्स का मामला उठा है। शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की। भाजपा विधायकों का कहना था कि मनोरंजन राज्य सूची का विषय है। मुख्यमंत्री ने इस पर कहा, जीएसटी आने के बाद इस कर का भी आधा हिस्सा केंद्र सरकार को ही जाता है। केंद्र सरकार से पूरे देश में ही फिल्म को टैक्स फ्री करा दें। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन में सभी विधायकों को यह फिल्म देखने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने विधानसभा में सभी सदस्यों को आमंत्रित करते हुए कहा, चलो एक साथ जाकर फिल्म देखते हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों और गणमान्य नागरिकों को फिल्‍म देखने के लिए निमंत्रण भेजा। राजधानी के मैग्नेटो माल के पीवीआर में आज बुधवार रात 8 बजे के शो में फिल्‍म कश्मीर फाइल्स के लिए एक पूरा हाल बुक किया गया है। भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने का कहना था कि कई प्रदेशों में सरकारों ने इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया है। अभी तक छत्तीसगढ़ में ऐसी कोई पहल नहीं देखी जा रही है। उनका कहना था, टैक्स फ्री करने से अधिक लोग यह फिल्म देख पाएंगे।
फिल्म की अघोषित प्रमोटर बनी हुई है भाजपा
कश्मीर घाटी से पंडितों के पलायन की घटना को केंद्र में रखकर बनाई गई द कश्मीर फाइल्स के रिलीज के साथ ही भाजपा इसकी बड़ी प्रमोटर बनी हुई है। दो दिन पहले भाजपा विधायकों और खुद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को यह फिल्म देखने से रोक रही है। सिनेमा हॉल खाली रहने के बावजूद भी हाउस फुल का बोर्ड लगाया जा रहा है। हालांकि आबकारी विभाग ने जांच के बाद इस दावे को झूठा बता दिया। उनका कहना था कि सभी शो में टिकट उपलब्ध हैं और थिएटरों में फिल्म के शो की संख्या भी बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *