पुलिस को गाली देने पर हिरासत में पूर्व मंत्री मूणत

Chhattisgarh

रायपुर : नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रवास के दौरान बड़ा बवाल हो गया। उन्हें काले झंडे दिखाने जुटे कांग्रेस नेताओं की पहले भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मारपीट हुई और फिर पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने पुलिसवालों से जमकर गाली-गलौज की। बाद में उन्हें हिरासत में भी ले लिया गया। विधानसभा थाने में राजेश मूणत पर हाथ उठाए जाने की खबर सुनकर भाजपा के कार्यकर्ता गुस्से में हैं। उन्होंने थाने में तोड़फोड़ की है।
जैसे ही सिंधिया एयरपोर्ट पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बाइक रैली उन्हें लेकर रायपुर की ओर रवाना हुई। रास्ते में माना-वीआईपी रोड के पास कांग्रेसी नेता सिंधिया को काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे। इसी बात को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच झड़प हो गई। खबर है कि कुछ कांग्रेसी नेताओं के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। हालांकि इस मारपीट की अब तक कोई आधिकारिक शिकायत नहीं की गई है।
वीआईपी रोड पर तैनात पुलिसकर्मी फौरन भागकर नेताओं के पास पहुंचे और उन्हें अलग कराया। इसके कुछ देर बार जेल रेड स्थित एक होटल के पास भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंत्री राजेश मूणत अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। मूणत बेहद गुस्से में थे उन्होंने सिटी एसपी तारकेश्वर पटेल से कहा कि उन्होंने 15 साल छत्तीसगढ़ में राज किया है, इतना कहकर मूणत ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया। पुलिस के रोके जाने के बाद भी मूणत अपने कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़े, करीब एक से डेढ़ घंटे तक चले इस बवाली माहौल के बाद भाजपा कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय की ओर चले गए।
बाद में हिरासत में लिए गए पूर्व मंत्री
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी राजेश मूणत को ढूंढने निकले। पता चला कि मंत्री रुद्र गुरू के घर के सामने मूणत और एक भाजपा कार्यकर्ता ने किसी कांग्रेसी की पिटाई कर दी है। वहां जब पुलिस वालों ने उन्हें घेरा तो मूणत के तेवर पहले तो ढीले पड़े और उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि उन्होंने गाली दी है तो वे माफी चाहते हैं, लेकिन बाद में फिर वे भड़क गए। उन्होंने कहा कि शहर में बदमाशों को रोक नहीं पा रहे हैं, शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है और हम पर जोर दिखा रहे हैं। इसके बाद उन्हें पुलिस अपने साथ ले गई।
मूणत बोले- गलत कार्रवाई
पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने बताया कि पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। उन्हें हिरासत में लिया गया है, राजेश मूणत के साथ शुभांकर नाम के भाजपा कार्यकर्ता भी हैं, जिन्हें पुलिस की टीम विधानसभा थाने लेकर जा रही है। राजेश मूणत ने बताया कि उन्हें अलग-अलग थाने घुमाया गया पहले सिविल लाइन थाने ले जाया गया और अब विधानसभा थाने ले जाया जा रहा है यह पूछे जाने पर कि कार्रवाई किस वजह से की गई है मूणत ने कहा कि यह पुलिस ही बता पाएगी, काले झंडे कांग्रेस के नेता हमारे नेता को दिखा रहे थे हमने उन्हें रोका धक्का-मुक्की हुई तो हम पर कार्रवाई की जा रही है, क्योंकि पुलिस कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का कुछ कर नहीं सकती।
इस वजह से बवाल
3 फरवरी को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायपुर पहुंचे थे। इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए थे , कांग्रेस ने ऐलान किया कि अब भाजपा के नेताओं के आने पर भी उनके साथ ऐसा ही सलूक किया जाएगा। इसी वजह से शनिवार को यह विवाद के हालात बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *