रायपुर /27 फरवरी/ पूर्व कृषि मंत्री व वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा सरकार थी तो प्रदेश के किसानों के लिए अनेक योजनाएं चला रही थी। किसानों को कृषि कार्य के लिए हमेशा पानी की जरूरत होती थी जिसे देखते हुए पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने उन्हें सोलर पंप उपलब्ध कराया था। लेकिन जब से प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आयी है तब से प्रदेश में चल रही सभी योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 90 प्रतिशत लोग कृषि से जुड़े हुए है। प्रदेश के किसान आज इतने परेशान है कि अपनी उपज का धान बेचने के लिए वे भटक रहे है। प्रदेश सरकार किसानों को कभी रकबा में कटौती तो कभी बारदाने की कमी के बहाने परेशान करते रहे। पहले ही किसान एक महीने देरी से धान खरीदने के प्रदेश कांग्रेस सरकार के फैसले से परेशान थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजीव गांधी न्याय योजना के साथ भी अन्याय कर रही है। बीते वर्ष के धान के राशि भुगतान किश्तों में कर रही है और अंतिम किश्त का भुगतान अभी तक नहीं कर पायी है। उन्होंने कहा कि 2500 रुपए में धान खरीदने का वादा करके सत्ता में आयी कांग्रेस अपने जनघोषणा पत्र के वादों को अभी तक पूरा नहीं कर पायी है।