निगम का सर्वसुविधायुक्त कार्यालय भी बनाएंगे: मंत्री साहू

Chhattisgarh

रायपुर, 09 अक्टूबर 2020/ गृहमंत्री  ताम्रध्वज साहू ने आज दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान रिसाली में शहरी गौठान का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि रिसाली का गौठान बहुत अच्छा बना है। खेती के साथ पशुपालन पर भी पूरा फोकस रखें तो तेजी से आर्थिक तरक्की की दिशा में बढ़ सकते हैं। इसके लिए ही गौठान को आजीविकामूलक गतिविधियों का केंद्र बनाकर कार्य किया जा रहा है। गृह मंत्री साहू ने रूआबांधा भिलाई में पुलिस सहायता केंद्र का भी शुभारंभ किया।

गृह मंत्री ने नगर निगम कार्यालय रिसाली में नवनियुक्त सात एल्डरमैन को शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर मंत्री साहू ने कहा कि रिसाली निगम बनने के बाद यहां अब तक पंद्रह करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके विकास के लिए लोगों को बुनियादी सुविधाएं तथा आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप अधोसंरचना उपलब्ध कराने की दिशा में कार्ययोजना बनाई गई है। इसके लिए भूमि की उपलब्धता के संबंध में बीएसपी प्रबंधन से चर्चा की गई है। शहर की जरूरतों के मुताबिक महाविद्यालय, अस्पताल, खेल मैदान, ऑडिटोरियम आदि सभी तरह की अधोसंरचनाओं पर कार्य किया जाएगा। साहू ने इस अवसर पर निगम प्रशासन को कहा कि नागरिक सुविधाओं का ख्याल रखना बेहद अहम जिम्मेदारी है। नागरिक सुविधाओं में सबसे जरूरी होता है, सर्विस ओरिएंटेट कार्य, इसके लिए निगम के प्रवेशद्वार में ही रिसेप्शन बनायें। यहां नागरिकों से पूछें कि आपकी निगम प्रशासन से किस तरह की जरूरत है। इसके बाद उसे संबंधित शाखा में भेजें। समस्या को ध्यान से सुनें। इसे दर्ज करने ऐप बनाएं। नागरिकों को आवेदन पर कार्रवाई के लिए समयसीमा बता दें। तय समय पर इसका निराकरण करें और ऐप में इसे दर्ज कर दें। उन्होंने कहा कि समस्याओं में उलझे नागरिकों की समस्या का जितना त्वरित निराकरण किया जाए, सिस्टम के प्रति भरोसा उतना ही बढ़ता है। उन्होंने कहा कि रिसाली निगम अभी बना है। अच्छा काम करने के यहां विपुल अवसर उपलब्ध हैं। जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारीगण समन्वय बनाते हुए अच्छा काम करें, निगम का विकास तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि निगम के लिए सर्वसुविधायुक्त कार्यालय बनाने की दिशा में भी शीघ्र ही कार्य होगा। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे भी उपस्थित थे। उन्होंने भी एल्डरमैन को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *