रायपुर। लोधीपारा चौक स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी के मामले में पंडरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन अपचारी बालकों को पकड़ लिया। आरोपियों ने शोरूम का ताला खोलकर गल्ले में रखी 2.56 लाख रुपये से अधिक की नगदी पार कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 2,52,700 रुपये बरामद किए हैं।

सीसीटीवी का डीवीआर समझकर ले गए पावर स्विच
चोरी की वारदात 24 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे से 25 नवंबर की सुबह 10 बजे के बीच हुई। शोरूम संचालक ऐश्वर्य मार्या ने रात में दुकान बंद कर ताला लगाया था। अगले दिन दुकान खोलने पर ताला खुला मिला और सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदली हुई थी। जांच में गल्ले से 2,56,163 रुपये और एक POI Power Switch गायब मिला।पुलिस ने दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में रात करीब 2 बजे लाल हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध की गतिविधियां दिखाई दीं। वह दुकान में घुसकर कैमरों की दिशा बदलता और नगदी के साथ पावर स्विच ले जाता नजर आया। आरोपियों ने पावर स्विच को सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर समझकर उठा लिया था।
धमतरी और नागपुर में दबिश देकर पकड़े गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।जांच में पता चला कि घटना के बाद तीनों अपचारी बालक अलग-अलग स्थानों पर चले गए हैं। पुलिस ने धमतरी और नागपुर में पतासाजी कर तीनों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई नगदी में से 2,52,700 रुपये और POI Power Switch बरामद किया गया।
तीनों अपचारी बालकों की पहचान गोपनीय रखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।