रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति का अधिकार देता है। संविधान निर्माताओं का सपना था कि लोकतंत्र में हर वर्ग की भागीदारी हो और वंचित तबकों को भी समान अधिकार मिलें। मुख्यमंत्री गुरुवार को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक भवन में भाजपा की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

सीएम साय ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि संविधान तैयार करने में दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन लगे। संविधान सभा में छत्तीसगढ़ के भी कई सदस्य शामिल थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. आंबेडकर की 125वीं जयंती पर वर्ष 2015 में संविधान गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया था। इससे आने वाली पीढ़ियों को संविधान निर्माण में आंबेडकर और अन्य सदस्यों के योगदान की जानकारी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विकास के साथ-साथ देश की विरासत को भी संजो रहे हैं। डॉ. आंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर वहां लोकतंत्र को मजबूत करने का काम भी केंद्र सरकार ने किया है।कांग्रेस पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोपकार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस सभी के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लागू कर संविधान की व्यवस्थाओं को कमजोर किया। इस दौरान न्यायपालिका के अधिकारों पर असर पड़ा और प्रेस पर प्रतिबंध लगाए गए।पांडेय ने कहा कि डॉ. आंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थानों को विकसित करने के साथ उनके नाम पर भीम ऐप शुरू करना भी गौरव की बात है।संविधान देश की सबसे बड़ी पूंजीविधि एवं विधायी तथा शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने देश के संविधान को अंगीकृत किया था।
इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान ही देश की सबसे बड़ी पूंजी और खूबसूरती है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भारतीय दंड संहिता को भारतीय न्याय संहिता का स्वरूप दिया है। इससे सरकार की सोच का पता चलता है। नई संहिता में कई नवाचार किए गए हैं।कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संयोजक रंजना साहू ने किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित पार्टी पदाधिकारी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।